हे! भारते।।
प्रस्ताव 1:
यूं ही नहीं, खंगाल के देखो....
इतिहास के रोचक तथ्य यूं ही नहीं गायब हुए,
सोची समझी चाल थी, जिनसे मन घायल हुए।
उन घावों को जो देते मरहम, मान वो पाते रहे,
जन-मन को जो राहत हुई तो, दाम भी आते रहे।।
बात को आरंभ करने से पहले निवेदन कि इसे किसी व्यक्तिगत भावना को आहत करने के लिए नहीं लिखा गया, यह बात इस संसार की एक इकाई से प्रारंभ हो कर संसार में समाती है।
और तब भी यदि किसी को इस वक्तव्य से किसी भी प्रकार की हानि होती है तो कृपया इतिहास फिर से पढ़ें, भावना में बह कर गांधारी ना बनें। इस लेख में किसी भी समूह या नाम को उछाला नहीं है, केवल वो नाम हैं जिनके साक्ष्य हैं या जो विकास के उद्गार हैं।
भारत दुनिया के नक्शे पर आज का नहीं, ना ही सदियों का बल्कि युगों के बदलते रूप का साक्षी रहा है।
यह वो धरती है, जहाँ स्वाध्याय से कुंभ तक का सफर, गागर में सागर समाने वाला सिध्दांत प्रतिपादित होता है।
चिंता न कीजिए, अधिक दूर नहीं जाएंगे, अन्यथा मिथ में उलझ जाएंगे।
उस दौर से बात आरंभ करेंगे जहाँ से क्रांति की शुरुआत होती है।
पहली मानव जीवन की क्रांति होती है, पशुपालन और कृषि। सभ्यताएं विकसित होने लगी। कुटीर उद्योग भारत में प्रारंभ हुआ। रोटी कपड़ा व मकान की आधारभूत और विकासशील सभ्यता की नींव रखी गई।
कुटीर उद्योगों से निर्मित कपड़ा व धातु न केवल देश में बल्कि विश्व भर में भारतीय उद्योग का परिचय बनने लगा।
वैश्विक स्तर पर यह क्रांति मानव विकास का पहला कदम था।
व्यापारिक संबंध दुनिया भर में स्थापित हो रहे थे। तब व्यापार वस्तुओं के आदान प्रदान पर निर्भर था।
इसके बाद क्रांति का दूसरा चरण आया जब वस्तुओं ने मुद्राओं का रूप लिया।
यहाँ वैश्विक स्तर संबंधों पर स्थिरता आनी थी, किंतु अब क्रांति अपना एक ओर छदम रूप दिखा रही थी, लोभ।
चूंकि क्रांति, आवश्यकता की पैदाइश है, और प्रगति या उन्नति क्रांति की।
आवश्यकता ने जब संचयन का रूप लिया तो क्रांति में विकृति आई और वह लालच बन गई। यहाँ से उत्पात का जन्म हुआ, उत्पात वृहद रूप में युद्ध बना, आततायीयों का शक्ति प्रदर्शन आरंभ हुआ।
चूंकि भारत विकास के रास्ते पर आध्यात्म के सहारे बड़ रहा था। इसलिए यह सदैव से शांतिप्रियता का अनुसरण करता।
विश्व भी विकास के रास्ते पर भारत का अनुयायी हुआ, किंतु आध्यात्म के रहस्य से दूर। इसलिए संचयन व लोभ की विकृति वहां पर अक्सर लूट पाट का कारण बनती, छोटे कबिले, बड़े नगरों में लूट पाट किया करते। जिससे नगरी व्यवस्था कभी बन ही न पाई।
यहाँ भारत विश्व गुरू के रूप में उभर कर आता है।
भारत ही पहला देश था जहाँ युद्ध कौशल विकसित होने लगा।
भारत केवल व्यापार की दृष्टि से पूरे विश्व को नहीं देखता, अपितु जिस विचार पर विकास की नींव थी, वो "वसुधेव कुटुंबकंब" की थी, अर्थात समस्त संसार हमारा परिवार है, अतः इस प्रकृति से प्राप्त संसाधनों पर पूरे परिवार का अधिकार।
भारत को पूर्वाभास होने लगा कि कबिलों वाली यह नाशकारी आग भारत तक भी आ सकती है, तब नगर व्यवस्थापक के रूप में एक संरक्षण समिति का जन्म हुआ, जो बाद में राजा या प्रजापालक व उसके अमात्य परिषद या मंत्री मंडल के रूप में विकसित हुई।
उत्तर वैदिक काल में इसके उदाहरण मिलते हैं, किस प्रकार राज्य विस्तार के लिए कर की प्रथा विकसित हुई, जिसे बलि कहा जाता था, यह एक राज्य को व्यापक रूप देकर राष्ट्र के रूप में विकसित करने की राजनैतिक क्रांति का पहला कदम था, जिसमें राजा छद्म कर व दंड का प्रावधान रख राजकीय कोष को देश हित में उपयोग लेता था। इंद्र सखा, प्रश्नवाचक, अग्नि इत्यादि पदों की उत्पत्ति हुई, जहाँ इंद्रसखा सेनापति, प्रश्नवाचक सभा, अग्नि या वरुण गुप्तचर परंपरा के हलधर हुए।
चूंकि राजा के पद की उत्पत्ति सुरक्षा को ध्यान में रखकर की गई थी। अब राजा का उत्तरदायित्व था कि अपने राज्य को विकसित करे व आक्रांताओं से इसकी सीमा की सुरक्षा करे।
इसी के तहत मच्छी के जल पीने, सूर्य के जल सोखने की विधि को कर विधि बनाया गया, कि जिस प्रकार मछली जल में रहते हुए कब जल पीती है, ज्ञान नहीं होता उसी प्रकार राजा को कर वसूलना चाहिए, जिस प्रकार सूर्य जल भंडारों से जल सोख कर सूखी भूमि तक उस जल को वर्षा के रूप में पहुंचा देता है राजा को उसी प्रकार कर लेकर विकास कार्यों में उसे लगाना चाहिए। धन उत्पत्ति के लिए राज्य सीमाएँ धनसंचयकों के लिए खोली गई, कि वे अंतर राज्यीय व्यापार को बढ़ावा दें, जिससे आवश्यकता अनुरूप धन की प्राप्ति हो। ऋग्वेद व अथर्वेद से इसका उल्लेख मिलता है। उत्तर काल के राजा सुबंधु इसके अद्वितीय उदाहरण हैं।
प्रजापालक की नियुक्ति उसकी योग्यता पर निर्भर थी, जिसमें उसका एक योद्धा के साथ नीति कुशल व वात्सल्य भाव का प्राथमिक प्रशिक्षण देकर परीक्षण के आधार पर चयन किया जाता रहा।
दुष्यंत व शकुंतला के पुत्र राजा भरत इसके उदाहरण हैं, जिनके नाम पर देश का नाम आर्यावर्त से भारत हुआ, जिन्होंने अपने 9 पुत्रों में राजकीय योग्यता न पाने पर ऋषि भार्गव के पुत्र को अपना उत्तराधिकारी नियुक्त किया। यही परंपरा सदियों तक चली, जिससे नगरीय व्यवस्था को सुचारू किया गया, और यही प्रणाली विश्व स्तर पर परोसी गई। यह एक लोकतांत्रिक अधिकारों की अनुपम क्रांति थी। जिससे अन्य सभ्यताएं विकसित होने लगीं। और वे भी निर्माण व संरक्षण सूत्रों का अनुसरण कर उनके प्राप्त प्राकृतिक संसाधनों से नवनिर्माण में आगे आए और विश्व स्तरीय संबंध प्रगाड़ हुए।
किंतु संचय के मार्ग ने संस्कृति को पतित किया व कई आतताइयों की लूट पाट का सामना देश ने किया, कुछ तो यहाँ बसने भी लगे, शरणार्थी परंपरा देश का आध्यात्मिक दुर्बल कारक बना, "अतिथि देवोभव"। चूंकि शरणार्थी भारतीय आध्यात्म के रहस्य से वंचित थे, यथावत् भारतीय संस्कृति से भी।
सिकंदर के आने से पहले मगध राज्य देश के सबसे प्रसिद्ध राज्यों में सबसे पहला स्थान रखता था। जहाँ पर यही संचय की विकृति नाशकारी सिद्ध हुई। जहाँ राजा का बेटा निर्गुण होते हुए भी राजा होने लगा, जैसा राजा वैसी प्रजा का सूत्र प्रसारित हुआ, और देश वर्गों में बंट गया। चूंकि अतिथि देवोभव भव के सूत्र में लिपट कर बहुत पहले से ही लालच ने शरण पा ली थी।
तब राजनीति का सूत्रपात करता एक व्यक्तित्व उभर कर संसार के समक्ष खड़ा हुआ जिसका नाम था चाणक्य। इससे पहले राजनीति संस्कार का हिस्सा थी, आप कितने भी क्रोध में रहें विनम्रता का चोला ओढ़े रखना, अपनी भावनाओं को व्यक्त न करना, अभद्र वचन ना कहना ही राजनीति थी।
किंतु चाणक्य ने सारे समीकरण बदल दिये, यहाँ तक की गुप्तचर परंपरा को राजनीति शास्त्र में अहम् स्थान देने का सूत्रपात करने वाला भी चाणक्य ही था, गुप्तचर परंपरा आज विश्व के शक्तिशाली देशों का सबसे प्रमुख हथियार है, शीत युद्ध के दौर में इस हथियार ने बड़ा रूप लिया, जिसके बारे में आगे विस्तार से बात होगी।
क्रमशः
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें